नीट 2026 में कुमाऊं पब्लिक स्कूल द्वाराहाट का शानदार प्रदर्शन

तीन विद्यार्थियों का राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस के लिए चयन, विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल

द्वाराहाट, कुमाऊं पब्लिक स्कूल द्वाराहाट के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा 2026 (NEET-UG) में शानदार सफलता हासिल की है। इस वर्ष विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने उत्तराखंड के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की सीट प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

गौरतलब है कि इस प्रतिष्ठित परीक्षा में इस वर्ष 20 लाख से अधिक तथा उत्तराखंड से 18 हजार से अधिक बच्चों ने प्रतिभाग किया था। विद्यालय की छात्रा वैष्णवी पाण्डेय ने उत्तराखंड स्टेट रैंक 271 प्राप्त कर राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा, शानवी नेगी ने स्टेट रैंक 326 के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा तथा प्रियांशु कुमार ने स्टेट रैंक 488 के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश हासिल किया है। तीनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या ऊमा अधिकारी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कुमाऊं पब्लिक स्कूल द्वाराहाट में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। विद्यालय के बच्चे लगातार विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां विद्यालय में विकसित किए शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुभवी एवं समर्पित शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत का परिणाम हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में केवल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को विकसित करने पर भी जोर दिया जाता है। यही कारण है कि विद्यालय के विद्यार्थी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ विभिन्न शिक्षणेत्तर एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

विद्यालय प्रबंधन ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय के प्रबंधक पी.एस. राणा एवं अध्यक्षा रेखा चौहान ने सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके परिश्रम के साथ-साथ शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।

विद्यालय परिवार ने तीनों सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

सम्बंधित खबरें